Aaj Ka Mausam: इन दिनों उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस सप्ताह के अंत में इन राज्यों में तापमान में और भी इजाफा हो सकता है।
दिल्ली में 40 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का आसमान साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप रहेगी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में लू चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस हफ्ते उत्तर भारत के कई राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ेगी। गुरुवार से शनिवार के बीच तापमान में खासा बढ़ोतरी होगी और इन राज्यों में लू चलने की भी संभावना है।
इन राज्यों में बारिश का अनुमान
भीषण गर्मी के बीच देश के कई राज्यों में बारिश का भी अनुमान है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के कई जिलों में आने वाले एक दो दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश के बैतूल, खंडवा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, झाबुआ और इंदौर जिलों में बारिश का अनुमान है।
बिहार में इन जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार के सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मुंबई में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कहर बरपाया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगले तीन दिनों के दौरान मुंबई के अलग-अलग स्थानों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन राज्यों में लू चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी करते हुए बताया कि पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में बुधवार से शनिवार के बीच लू चलेगी। पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, दक्षिण हरियाणा में 16 से 18 मई के बीच दिन का तापमान अधिक रहेगा और भीषण लू भी चलेगी। बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को लू चलने की संभावना जताई गई है।