Weather Forecast Today : मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस दौरान, उत्तर पश्चिमी भारत और बिहार में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा, पूर्वी और मध्य भारत में भी 18 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में 23 मई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान:
उत्तर भारत: अगले दो दिनों में उत्तर पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
अगले तीन से चार दिनों के बीच मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तरखंड सहित कई राज्यों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दक्षिण भारत: तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल, माहे, लक्षद्वीप और दक्षिणी कर्नाटक में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
23 मई तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी भारत: ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा और मिजोरम में 19 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पश्चिमी भारत: गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात और दमन और दीव में 18 मई तक गरज के साथ बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में मौसम की स्थिति:
मौसम विभाग के अनुसार, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। पूर्वी मध्य प्रदेश और कोंकण में ओले गिरे। वहीं बीते दिन सबसे अधिक तापमान पश्चिमी राजस्थान के गंगानगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पर 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की सलाह:
ऐसे करें गर्मी से बचाव:
- दिन के समय घर से बाहर निकलने से बचें।
- ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
- भरपूर मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
- बाहर निकलते समय छाता, टोपी और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें।
मछुआरों के लिए चेतावनी:
दक्षिण भारत की बात करें तो 23 मई तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी के तटों पर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
वहीं पश्चिमी भारत में 18 मई तक गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात के तटों पर मछुआरों को समुद्र में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।