Weather Update: मई का महीना आधा बीत चुका है और प्री-मानसून की गर्मी अपने चरम पर है। दक्षिण पश्चिम बिहार के जिले लू और हॉट डे की चपेट में सबसे ज्यादा हैं। दिन का तापमान 45°C तक पहुंच चुका है।
भीषण हिट वेव से लोगों का दिन तो खराब है ही, साथ ही हॉट नाइट से नींद भी खराब हो रही है। लेकिन गर्मी के इस विकराल रूप से जल्द ही राहत मिलने वाली है। कल से मौसम का रुख बदलने वाला है। नमी युक्त हवा एक बार फिर से बारिश वाले बादल बन रहे हैं।
आज भले ही लोगों को लू का सामना करना पड़े, लेकिन कल से बारिश की शुरुआत होने जा रही है जो अगले तीन-चार दिनों तक रहेगी। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया कि गर्मी भले ही लोगों को परेशान करती हो, लेकिन प्री-मानसून की बारिश लोगों की जान लेती है। ठनका गिरने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए बारिश के दौरान घर से बाहर ना निकलें। पेड़ के नीचे तो भूलकर भी खड़े ना रहें।
आज यह है आपके जिले का हाल:
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुंगेर, भागलपुर, बांका, खगड़िया और जमुई में हॉट डे की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही झोंके के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है और बारिश के साथ ठनका भी गिर सकती है।
भोजपुर, बक्सर, भभुआ, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद में भीषण लू चलने की संभावना है। इन छह जिलों में आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है।
पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा में लू चलने की संभावना है, साथ ही बीच-बीच में बारिश वाली बादल भी छा सकते हैं और आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है। आंधी की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है।
शेष सभी 14 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है, साथ ही आंधी के साथ ठनका भी गिरने की प्रबल संभावना है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि सावधान रहें, अन्यथा दिक्कत हो सकती है।
कैसा रहा 19 मई
19 मई को बिहार के बक्सर और औरंगाबाद में भीषण हिट वेव दर्ज किया गया. वहीं डेहरी, भोजपुर, नवादा, शेखपुरा और अरवल में लू रिकॉर्ड किया गया. जबकि कुल 15 जिलों का अधिकतम तापमान 40°C से अधिक दर्ज किया गया. भीषण लू वाले जिलों में से बक्सर में दिन का तापमान 44.9°C, औरंगाबाद में 44.3°C, अरवल में 43.6°C, डेहरी में 43.2°C, नवादा में 42.8°C और भोजपुर में 42.3°C दर्ज किया गया. कई जगहों पर छिटपुट बारिश भी दर्ज की गई.