Weather Today : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में तापमान में कमी और बारिश होने का अनुमान लगाया है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में 30 मई से बारिश हो सकती है, जिसके कारण तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी
आईएमडी ने दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 29 मई को भीषण गर्मी की स्थिति जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 30 मई से तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है।
कैसा है दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 29 मई को तेज हवाओं के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 30 मई से बारिश होने के बाद हीटवेव की स्थिति में कमी दर्ज की जा सकती है।
मॉनसून का हाल (Monsoon 2024 Update)
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मालदीव और दक्षिण अरब सागर के कुछ स्थानों तक आगे बढ़ गया है। अगले 3-4 दिनों में केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लिए स्थिति अनुकूल हो जाएगी। 1 जून को केरल में मॉनसून के दस्तक देने की उम्मीद है।
इन राज्यों में भारी बारिश के आसार (IMD Rain Alert)
आईएमडी के अनुसार, अगले सप्ताह अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम जैसे राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
29 और 30 मई को केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।