Weather Today: नई दिल्ली: देश के कुछ भागों में मॉनसून ने दस्तक दे दी है, जबकि कुछ राज्यों में अभी भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ अन्य राज्यों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए लू या भीषण लू का भी अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत का हाल
राजधानी दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है। सुबह के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दिन का न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 31 मई को आयानगर में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 1 जून को गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही लू से भीषण लू की स्थिति बन सकती है और उसके बाद इसमें कमी आ सकती है।
वहीं उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो राजधानी लखनऊ में भी कुछ ऐसा ही हाल रहने वाला है। यूपी के लिए भी आज गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना जताई गई है। 31 मई को कानपुर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो देशभर में सबसे ज्यादा था।
इन राज्यों में आज बारिश
- लक्षद्वीप
- केरल
- अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
- सिक्किम
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल
- पूर्वोत्तर भारत
- तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक
- पूर्वोत्तर बिहार
- ओडिशा
- झारखंड
- आंध्र प्रदेश
- तेलंगाना
- तमिलनाडु
- पश्चिमी हिमालय
आज और कल
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गरज के साथ बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है।
विदर्भ, छत्तीसगढ़ और कोंकण और गोवा में छिटपुट हल्की बारिश संभव है।
लू का अलर्ट
1 जून को उत्तर और पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है और उसके बाद इसमें कमी आ सकती है।