Monsoon 2024 : देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून की राह देख रहे लोगो के लिए मौसम लुका-छिपी खेल रहा है। एक ओर जहां अगले 3-4 दिनों में मॉनसून के महाराष्ट्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ समेत कई हिस्सों में बढ़ने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों समेत कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनती नजर आ रही है।
कहां होगी बारिश?
- मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा, तेलंगाना, कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल और माहे में 8 जून तक बारिश हो सकती है।
- अगले 2-3 दिनों में बिहार झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश के आसार हैं।
- मध्य प्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में अगले 4-5 दिनों के दौरान बारिश की संभावनाएं हैं। 8 जुन तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है और धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 7 जून को ओले गिर सकते हैं।
मॉनसून की चाल (Monsoon 2024)
- एजेंसी वार्ता के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कर्नाटक के अधिकांश भाग, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के अधिकांश भाग और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और भाग एवं मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
- मौसम विभाग के अनुसार मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक के शेष हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों (मुंबई सहित), तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और दक्षिण ओडिशा, शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।
इन राज्यों में बदलेगा मौसम
- IMD के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान भारत के पूर्वी हिस्से में लू चल सकती है। साथ ही उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी ऐसा मौसम बनने के आसार हैं।
- इधर, 8 जून से महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
किसानों के लिए खुशखबरी
- मॉनसून के आगमन से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
- बारिश होने से धान, बाजरा, मक्का और सोयाबीन जैसी फसलों की अच्छी पैदावार होने की संभावना है।
कुल मिलाकर, मॉनसून के आगमन से देश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कुछ राज्यों में बारिश होगी तो कुछ में हीटवेव की स्थिति रहेगी।