News

Weather Update: पंजाब-हरियाणा समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, जानिये मानसून को लेकर क्या है नया अपडेट?

×

Weather Update: पंजाब-हरियाणा समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, जानिये मानसून को लेकर क्या है नया अपडेट?

Share this article

Weather Forecast : चंडीगढ़। देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में लोग लू की चपेट में बेहाल हैं। हालत यह है कि पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी ज्यादातर जिले भी लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने इन दोनों राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत नहीं

राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है और अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में लू का अलर्ट

पंजाब में भी लू का प्रकोप जारी है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। पंजाब में 18 जून तक लू व अति लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। शनिवार को सबसे ज्यादा 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान अबोहर का रहा, जो सामान्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

हिमाचल और उत्तराखंड में गर्मी से लोग परेशान

हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर के नेरी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। उत्तराखंड में देहरादून का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में लू की चेतावनी

जम्मू में भी लू का प्रकोप जारी है। जम्मू संभाग में सबसे अधिक तापमान कठुआ जिले में 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मुख्तार के अनुसार जम्मू में 20 जून तक लू का प्रकोप जारी रहेगा।

बिहार में गर्मी से 13 की मौत

बिहार में भीषण गर्मी के कारण शनिवार को तीन जिलों में 13 लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में औरंगाबाद जिले के पांच, सारण व गया के तीन-तीन तथा रोहतास व भोजपुर के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।

शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बक्सर में 46.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गया, डेहरी (सासाराम) और भोजपुर में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून देरी से आने की संभावना

दक्षिण पश्चिम मानसून ने चार दिन पहले गुजरात में प्रवेश किया था। लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण तबसे यह राज्य के अन्य हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 15 जून को गुजरात में प्रवेश करता है और 20 जून तक अहमदाबाद व सौराष्ट्र के कुछ इलाकों सहित अन्य हिस्सों में आगे बढ़ता है। 25 जून तक मानसून सौराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लेता है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में राज्य के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की आंधी आने का अनुमान जताया है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

वहीं, भारत के उत्तर-पूर्वी हिस्से में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश होने की उम्मीद है। IMD ने कुछ राज्यों के लिए आरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में दो दिन भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने के साथ तूफान की भविष्यवाणी की है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now