Kab Aayega Monsoon : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 और 25 जून को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा है कि दिल्ली में रविवार को हल्की बारिश और बादल छाए रहने से राजधानी के निवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली और अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने अपने मौसम बुलेटिन में कहा, “दक्षिण-पश्चिमी मानसून अरब सागर, गुजरात राज्य के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र के शेष हिस्से, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्से, ओडिशा के शेष हिस्से और झारखंड के कुछ हिस्से में आगे बढ़ गया है।”
देश के इन हिस्सों में बढ़ेगा मानसून
आईएमडी के अनुसार, अगले तीन-चार दिन के दौरान मानसून के उत्तरी अरब सागर तथा गुजरात राज्य के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
गुजरात में बारिश की संभावना
गुजरात में दक्षिण-पश्चिमी मानसून 11 जून को जल्दी पहुंचने और कई दिनों तक ठहर जाने के बाद रविवार को राज्य में आगे बढ़ गया। अगले तीन-चार दिन में गुजरात तथा इससे सटे उत्तरी अरब सागर के कुछ और हिस्सों में पहुंचने के लिए मानसून को लेकर स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
यह 25 जून तक सौराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों और 30 जून तक पूरे राज्य में पहुंचेगा। आईएमडी के अनुसार, अगले सप्ताह गुजरात के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है।
मध्यप्रदेश में मानसून का आगमन
मध्यप्रदेश के 60 प्रतिशत हिस्से में मानसून पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दो दिन पहले मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद राजधानी भोपाल सहित राज्य के 60 प्रतिशत हिस्से को कवर कर लिया है।
आगामी दो-तीन दिन में मध्यप्रदेश में मानूसन के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। राज्य में मानसून का आगमन तीन दिन की देरी से हुआ। इस बार मध्यप्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है।
दुनिया भर में मौसम का हाल
इंडोनेशिया में बाढ़
इंडोनेशिया के मध्य सुलावेसी प्रांत के परिगी माउतोंग रीजेंसी में बाढ़ आ गई। इस वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं। करीब 120 परिवार प्रभावित हुए हैं। जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने चेतावनी जारी की कि सोमवार तक भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
चीन में भूस्खलन
चीन के हुनान प्रांत के एक काउंटी में रविवार को भूस्खलन होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। भूस्खलन से चार मकान भी ढह गए हैं। शनिवार से रविवार सुबह तक हुनान प्रांत के कई हिस्सों में बारिश हुई और तूफान आया।इस महीने सिचुआन बेसिन, गुइझोउ,हुनान, जियांग्शी, झेजियांग, फ़ुज़ियान, गुआंग्शी, ग्वांगडोंग, हेनान, हुबेई और हेइलोंगजियांग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई और तूफ़ान आया।