Haryana News, हिसार। संयुक्त किसान मोर्चा का धरना लघु सचिवालय गेट के बाहर 197वें दिन वीरवार को भी जारी रहा। इस धरने का संचालन भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने किया, जिसमें जिला अध्यक्ष धर्मपाल बडाला और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कोथ ने मोर्चा संभाला।
धरना की मुख्य बातें-
धरने का संचालन प्रदेश महासचिव सोमवीर भगाना और प्रदेश प्रवक्ता जोगिंदर मय्यड़ ने किया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान-मजदूर लगातार 197 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन जिला प्रशासन उनकी जायज मांगों को अनदेखा कर रहा है।
किसानों की प्रमुख मांगें-
- खरीफ 2024 का बीमा और मुआवजा।
- खरीफ 2022 का 48 करोड़ मंजूरशुदा मुआवजा किसानों के खातों में डाला जाए।
- रबी फसल 2024 के ओलावृष्टि और पाले से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा।
- खेड़ी चोपटा तहसील का खरीफ 2021 के फसल खराबे का बकाया मुआवजा।
- खेड़ी चोपटा तहसील की तर्ज पर 6500 रुपये आदमपुर और बालसमंद तहसील के किसानों को दिए जाएं।
- मनरेगा मजदूरों को 200 दिन काम और 600 रुपये दिहाड़ी दी जाए।
- बास टोल से लगते गांव में आगजनी से बर्बाद फसलों का मुआवजा।
- ट्यूबवैल कनेक्शन और ट्यूबवैल शिफ्टिंग का जल्द समाधान।
अगली रणनीति-
जिला प्रशासन ने संयुक्त किसान मोर्चा से 15 जुलाई तक का समय मांगा था। अगर 15 जुलाई तक सभी मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो सभी किसान मजदूर संगठन बैठक करके कड़ा और ठोस फैसला लेंगे। धरने पर सुजान सोथा पूर्व सरपंच, सुंदर सिंह पंवार पनिहारी, सतबीर सिंह, धर्मपाल, संजय धारीवाल सुल्तानपुर, देवेंद्र सिंह लौरा, सुरेंद्र मान, राजबीर सरपंच न्योली आदि शामिल रहे।