Delhi Weather Update: दिल्ली में मानसून के मौसम के बावजूद गर्मी और उमस पीछा नहीं छोड़ रही है। सोमवार को मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भविष्यवाणी की थी, लेकिन यह भविष्यवाणी फेल हो गई। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज मंगलवार को भी दिल्ली में सूरज के कड़े तेवर देखने को मिले हैं। मौसम विभाग ने आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली का तापमान
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज बारिश तो कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित होती है, तो दिल्ली के लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है।
हरियाणा का मौसम
हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। कहीं बारिश हो रही है तो कहीं सूखा पड़ा हुआ है। हरियाणा के लोगों को भी भीषण उमस का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी चंडीगढ़ के मुताबिक, आज कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा का तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में 30 और 31 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। प्रदेश के लोगों के लिए आने वाले 48 घंटे थोड़े अच्छे साबित हो सकते हैं। यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है, तो प्रदेश में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।