Heatwave Update: गर्मियों के इस मौसम में लू ने देश के कई हिस्सों में कहर बरपाया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, और हरियाणा जैसे राज्यों में तेज गर्मी के कारण 270 से अधिक लोगों की जान चली गई है। इनमें से केवल उत्तर प्रदेश में ही 160 से ज्यादा मौतें हुई हैं।
प्रचंड लू से जानलेवा हालात
उत्तर प्रदेश: 162 मौतें
उत्तर प्रदेश में लू की चपेट में आकर 162 लोगों की मौत हो गई। अकेले पूर्वांचल में 80 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वाराणसी में 34, आजमगढ़ में 16, मिर्जापुर में 10 और गाजीपुर में 9 लोगों की मौतें शामिल हैं। बुंदेलखंड और मध्य यूपी में भी 41 लोगों की जान चली गई।
बिहार: 65 मौतें
बिहार में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से 65 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक 15 मौतें औंरगाबाद में दर्ज की गईं। रोहतास, कैमूर, बेगूसराय, बरबीघा, और सारण में भी लू के कारण कई लोगों ने जान गंवाई है।
ओडिशा: 41 मौतें
ओडिशा में गर्मी से 41 लोगों की मौत की खबर है। सुंदरगढ़ जिले में सबसे ज्यादा 17 मौतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 राउरकेला सरकारी अस्पताल में हुईं।
झारखंड: 11 मौतें
झारखंड में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में 11 लोगों की मौत हुई है। मेदिनीनगर में 47.4 डिग्री, गढ़वा में 47.1 डिग्री और सरायकेला में 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी का कहर
राजस्थान: गंगानगर में 48.3 डिग्री तापमान
राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में लू से थोड़ी राहत की उम्मीद जताई है।
पंजाब और हरियाणा: गर्मी का प्रकोप
पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का कहर जारी है। सिरसा और फरीदकोट में तापमान 49.1 और 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में अगले कुछ दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी और पूर्वी यूपी में लू के थपेड़े चलने की संभावना है। बिहार में 1 जून से पुरवा हवाओं के चलने से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन अगले 48 घंटे तक गर्मी का सामना करना पड़ेगा।