IMD Weather, नई दिल्ली: Aaj Ka Mausam 09 May 2024: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी। तापमान में गिरावट के साथ ही 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाला अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी तेज हवाएं चलती रहेंगी। वहीं, कल यानी 10 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 10 से 12 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश और आंधी आ सकती है।
ये भी पढ़ें : कल का मौसम : जानिये पुरे भारत में 10 मई 2024 का मौसम पूर्वानुमान
तापमान में गिरावट:
आईएमडी ने कहा है कि इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही, मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
इन शहरों में होगी बारिश:
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 मई के दौरान हरियाणा और राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी चल सकती है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दोनों राज्यों के कई जिलों में बारिश भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है।
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से रविवार यानी 12 मई तक अलीगढ़, बागपत, बाराबंकी, लखनऊ, फतेहपुर, इटावा, लखीमपुर, मथुरा, प्रयागराज और नोएडा समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है।