News

दिल्ली-उतर प्रदेश में हीटवेव, MP-मुंबई और बिहार में बारिश का अलर्ट… जानें देशभर के मौसम का हाल 15 मई 2024

×

दिल्ली-उतर प्रदेश में हीटवेव, MP-मुंबई और बिहार में बारिश का अलर्ट… जानें देशभर के मौसम का हाल 15 मई 2024

Share this article

Aaj Ka Mausam 15 May 2024: इन दिनों उत्तर भारत के कई राज्यों में तपती रेत का तूफान मच रहा है। दिन का तापमान रोजाना नए शिखर छू रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास डगमगा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का आसमान साफ रहेगा, लेकिन दिन के समय तेज धूप रहेगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इस हफ्ते उत्तर भारत के कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। गुरुवार से शनिवार के बीच तापमान में खासा इजाफा होगा और इन राज्यों में लू चलने की भी आशंका है।

भीषण गर्मी के बीच कुछ राज्यों में बारिश की संभावना

भीषण गर्मी के बीच देश के कई राज्यों में बारिश की भी उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के कई जिलों में आने वाले एक-दो दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ ही ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के बैतूल, खंडवा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, झाबुआ और इंदौर जिलों में बारिश का अनुमान है।

बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं, कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो रही है। बिहार के सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में बारिश होने की संभावना जताई गई है। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

मुंबई में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई थी। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अगले तीन दिनों के दौरान मुंबई के अलग-अलग स्थानों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। साथ ही लोगों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन राज्यों में लू चलने का अलर्ट

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी करते हुए बताया कि पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में बुधवार से शनिवार के बीच लू चलेगी। पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, दक्षिण हरियाणा में 16 से 18 मई के बीच दिन का तापमान अधिक रहेगा और भीषण लू भी चलेगी। बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को लू चलने की संभावना जताई गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now