Weather Forecast, Aaj Ka Mausam 3 June 2024: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का दौर जारी है। रविवार को देश की राजधानी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं और अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 44 और 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश, लू से राहत मिलने की संभावना
राजस्थान के कुछ भागों में गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई जिससे तापमान में गिरावट आई। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने तथा लू से राहत मिलने की संभावना नजर आ रही है।
बिहार में मानसून की दस्तक, तापमान में कमी
पिछले दिनों से बिहार की राजधानी पटना के लोग भीषण गर्मी झेल रहे थे जिन्हें अब कुछ राहत मिली है। रविवार को आसमान में बादल छाये हुए थे। धूप नहीं निकलने के कारण गर्मी में कमी आई। राजधानी का अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहेगा।
साथ ही बादल भी आसमान में छाए रहेंगे। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि मानसून के बादल तय समय पर ही बिहार में प्रवेश करेंगे। 13 से 15 जून के बीच बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है। इससे पहले बिहार के जिलों में हल्की बारिश होगी जिससे तापमान में कुछ कमी देखने को मिलेगी।
झारखंड में फिर चलेगी लू, कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री पार कर सकता है
झारखंड के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। तीन जिलों को छोड़ 21 जिलों का अधिकतम तापमान रविवार को 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार से राज्य में फिर भीषण गर्मी पड़ सकती है।
राजधानी रांची सहित सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ज्यादा दर्ज किया जा सकता है। बुधवार और गुरुवार को राजधानी रांची के कई हिस्सों में लू चल सकती है। वहीं पलामू प्रमंडल के जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काइमेट वेदर (SkyMet Weather) के अनुसार, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के साथ-साथ असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं केरल, लक्षद्वीप, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, विदर्भ, मराठवाड़ा के अलावा दक्षिण कोंकण और पूर्वी बिहार में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में चलेगी धूल भरी आंधी
Heatwave conditions very likely in isolated pockets of Punjab, Haryana-Chandigarh-Delhi, Jammu division, Himachal Pradesh, West Uttar Pradesh, Rajasthan, Madhya Pradesh, Vidarbha, Chhattisgarh and Odisha on 02nd June, 2024.#weatherupdate #heatwavealert pic.twitter.com/HeOJREzANQ
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 2, 2024
स्काइमेट वेदर के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली और राजस्थान में गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां आंधी चलने का अनुमान जताया है।
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों के दौरान कम तीव्रता के साथ लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है।