News

Bihar Weather Today: बिहार के इन 10 जिलों के लोग हो जाएं सावधान; जल्द बिगड़ने वाला है मौसम

×

Bihar Weather Today: बिहार के इन 10 जिलों के लोग हो जाएं सावधान; जल्द बिगड़ने वाला है मौसम

Share this article

Bihar Weather Today, पटना: राजस्थान से आ रही गर्म (पछुआ) हवाओं ने बिहार के मैदानी भाग का तापमान काफी बढ़ा दिया है। खासकर मध्य एवं दक्षिण बिहार की स्थिति काफी तल्ख है। वहीं राज्य के पूर्वी भाग में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण वातावरण में आर्द्रता काफी बढ़ गई है।

उत्तरी बिहार में आंधी-बारिश की संभावना:

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इससे राज्य के उत्तरी भाग में आंधी के साथ-साथ बारिश हो सकती है। परंतु मध्य एवं दक्षिण बिहार में इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं होगा। कटिहार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा जिला, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया में बारिश के आसार हैं।

21 जिलों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान:

शनिवार को राज्य के 21 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। बक्सर में सबसे अधिक तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना, गया, भागलपुर, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, बांका, नवादा, हरनौत, अरवल सहित कई स्थलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।

तेज पछुआ से झुलसी राजधानी:

शनिवार को तेज धूप से दिनभर राजधानी झुलसती रही। सुबह आठ बजे से ही गर्मी कहर दिखाने लगी थी। बारह बजे तक हवा इतनी गर्म हो गई कि लोग घरों से निकलने से परहेज करने लगे।

गर्मी का कहर दोपहर बारह बजे से शाम पांच बजे तक रहा। शाम को सात बजे ही लगता था कि गर्म हवाएं चेहरा झुलसा रही हैं। दिन में वातावरण में गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।

भीषण गर्मी से लोग परेशान:

भीषण गर्मी के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल रहा था। मानव के साथ-साथ पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से व्याकुल देखे गए। राजधानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को राजधानी के तापमान में और वृद्धि होने के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं।

आने वाले दिनों में मौसम का पूर्वानुमान:

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार में मौसम यथावत रहने की संभावना है। इसके बाद राज्य में व्यापक बदलाव हो सकता है। 12 जून से राज्य के कई जिलों में बारिश शुरू होने की संभावना है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now