Weather Today, नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को खुद को बचाते हुए देखा गया। कुछ जगहों पर छिटपुट ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी दिल्ली में बूंदाबांदी की संभावना है, हालांकि इससे बावजूद दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से कुछ खास राहत मिलने की संभावना नहीं है।
बुधवार को दिल्ली का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पांच जून को बीते छह वर्षों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 2018 में इस दिन न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा था।
नजफगढ़ में पारा 46 के पार
दिल्ली में बुधवार को कई इलाकों में लू चली, जिससे पारे में उछाल आया। नजफगढ़ बुधवार को सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुवार को भी गरज के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।
ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए दिल्ली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले पांच से छह दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
कहां कितना रहा तापमान
दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस, नरेला में 46.3 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में 45 डिग्री सेल्सियस, रिज में 44.3 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज का मौसम (Aaj Ka Mausam)
मौसम विभाग ने गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, आंधी या गरज के साथ हल्की बारिश होने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिनों तक दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।