आज से बढ़ेगी मानसून की सक्रियता
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि आमतौर पर 15 जुलाई तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 11 जुलाई से प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ जाएगी, जिससे 11 जुलाई की देर रात से 13 जुलाई के मध्य हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
अब तक हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में मानसून अच्छा रहा है और यहां सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, उत्तरी और पूर्वी जिलों में अभी भी अधिक मानसूनी बारिश की जरूरत है। हरियाणा-एनसीआर के दक्षिणी हिस्सों में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसका आंशिक असर देखने को मिल सकता है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और सोनीपत के दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।
इस मानसून से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो फसलों के लिए पर्याप्त जल की पूर्ति करेगा और जलस्तर में वृद्धि करेगा। लोगों को भी गर्मी से राहत मिलेगी और वातावरण में ताजगी का अनुभव होगा।