Aaj Ka Mausam, 05 June 2024:देश के कई हिस्सों में गर्मी का कहर अभी भी जारी है, लेकिन कहीं-कहीं मानसून की बारिश से थोड़ी राहत भी मिली है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब में चिलचिलाती गर्मी और लू का कहर अभी भी जारी है। मंगलवार को चूरु, सिरसा, हिसार, रोहतक, नारनौल और बंठिडा में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा? राजधानी दिल्ली में इस समय उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि, आज से 7 जून तक दिल्ली में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
देश के बाकी हिस्सों का मौसम कैसा रहेगा? मौसम विभाग के मुताबिक, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है। अगले 7 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
हीटवेव अलर्ट: हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू की स्थिति बनी हुई है। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। IMD के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में हीटवेव की स्थिति जारी रह सकती है।
तो दोस्तों, ध्यान रखें, खूब पानी पिएं, और जब तक जरूरी न हो, घर से बाहर निकलने से बचें। मौसम का हाल जानकर सुरक्षित रहें और गर्मी से बचाव करें।