News

दिल्ली में बढेगा तापमान तो इन इलाकों में चक्रवात रेमल का असर शुरू, देखें मौसम अपडेट

×

दिल्ली में बढेगा तापमान तो इन इलाकों में चक्रवात रेमल का असर शुरू, देखें मौसम अपडेट

Share this article

Today Weather in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है। आज राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रह सकता है। सोमवार से तापमान और बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

राजस्थान में भीषण गर्मी

राजस्थान के फलौदी में रविवार को तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसने लोगों को परेशान कर दिया। अत्यधिक गर्मी ने न केवल देश के उत्तरी मैदानी इलाके और मध्य क्षेत्र प्रभावित किया है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों तथा पूर्वोत्तर में असम और अरुणाचल प्रदेश को भी इसने प्रभावित किया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कम से कम 17 स्थानों पर शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी को लेकर ‘रेड अलर्ट’

दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा के साथ-साथ चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 29 मई तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। भीषण गर्मी का असर हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय की पहाड़ियों पर भी नजर आएगा। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए ‘रेड अलर्ट’ मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है।

त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। त्रिपुरा के सभी आठ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण 26 मई से 28 मई तक त्रिपुरा में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 26 मई को दक्षिण त्रिपुरा, गोमती, धलाई, सिपाहीजला और पश्चिम त्रिपुरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

राजस्थान में लू का कहर

राजस्थान में भीषण गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों के दौरान सूबे के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य में जारी लू का दौर आगामी तीन-चार दिन जारी रहने की संभावना व्यक्त की गई है। 29 मई से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में तथा 30 मई से पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।

झारखंड में चक्रवात ‘रेमल’ का प्रभाव

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव ‘रेमल‘ की बात करें तो ये चक्रवात में तब्दील हो चुका है। इसका असर पश्चिम बंगाल और उसके पड़ोसी राज्यों पर भी देखने को मिल सकता है। झारखंड में भी ‘रेमल’ का असर नजर आ सकता है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूरे झारखंड में इसका असर नहीं पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार को कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम के अलावा सरायकेला-खरसावां जिलों और राजधानी रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार का मौसम

बिहार के मौसम की बात करें तो यहां अभी लोग भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। हालांकि मौसम का मिजाज बहुत जल्द बदलने वाला है। राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार से मौसम में परिवर्तन नजर आ सकता है। इस दौरान बादल छाये रहेंगे और कई जगहों पर आंधी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई की मध्य रात्रि को चक्रवाती तूफान बंगला देश और पश्चिमी बंगाल के तटों के टकरायेगा। हालांकि बिहार में इसका कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ के संभावित खतरे

चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ के कारण पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। समुद्री क्षेत्रों में मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस तूफान के कारण कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now