Jharkhand Weather News: पूरे झारखंड में मौसम (Jharkhand ka mausam) और अधिक बिगड़ने वाला है। अभी और अधिक भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मानसून का अनुमान भी फेल हो जा रहा है। इस भयंकर गर्मी ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। अब 15 की जगह 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
हीटवेव को लेकर पूरे राज्य में रेड अलर्ट जारी
झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 22 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। केवल पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। राजधानी रांची, जिसे हिल स्टेशन के नाम से भी जाना जाता है, का तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो 2024 में पहली बार हुआ है।
1984 के बाद पहली बार ऐसी भीषण गर्मी
पिछले एक महीने से राजधानी रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही है। शहर के लोग तपती गर्मी और चिलचिलाती धूप से बेहाल हैं। लोग मानसून का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब मौसम विभाग रांची का पूर्वानुमान भी गलत साबित हो रहा है। 1984 के बाद पहली बार ऐसी भीषण गर्मी देखी जा रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत
दरअसल, मौसम विभाग ने 15 जून तक प्रदेश में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई थी, लेकिन यह अनुमान गलत साबित हुआ। हीटवेव का असर लगातार बढ़ रहा है। कुछ दिनों पहले तक 15 से 18 जिलों तक ही हीटवेव का असर था, लेकिन अब 22 जिले इसकी चपेट में आ चुके हैं। मौसम विभाग रांची के बुलेटिन में पिछले एक महीने से केवल यलो, रेड और ऑरेंज अलर्ट ही जारी किए जा रहे हैं।
राजधानी समेत पूरे राज्य के लिए खतरे की घंटी
राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के लिए तापमान की वर्तमान स्थिति खतरे की घंटी है। अगर समय रहते कोई कदम नहीं उठाए गए तो निश्चित रूप से आने वाले दिनों में इसकी भयावह तस्वीर देखने को मिलेगी।
16 जून को तापमान का पूर्वानुमान
16 जून को राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के अलावा दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, निकटवर्ती मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में भी हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में शाम के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहेगी और वज्रपात होने की भी संभावना है। हालांकि, राजधानी रांची में आंशिक बादल छाए रहने, मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।
शनिवार का मौसम
शनिवार को भी दोपहर बाद काले बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। लोग रात में भी गर्मी से परेशान रहे और बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ जगहों पर आंधी के साथ बहुत हल्की बारिश हुई. सबसे ज्यादा 0.5 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में रिकॉर्ड की गई. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम तापमान 41 डिग्री जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.