Monsoon 2024: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपने निर्धारित समय से एक दिन पहले 19 मई को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पहुंच गया था। इसके बाद 30 मई को केरल में प्रवेश कर निर्धारित समय से दो दिन पहले वहां पहुंच गया था।
मॉनसून का एक हिस्सा पश्चिम भारत से दक्षिण भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। 8 जून को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मॉनसून प्रवेश कर निर्धारित समय से दो दिन पहले वहां पहुंच गया था।
लेकिन, पूर्वी भारत में मॉनसून की गति धीमी हो गई है। 31 मई से मॉनसून पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में अटका हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में मॉनसून का करंट कमजोर होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
IMD का अनुमान है कि 15 जून से बंगाल की खाड़ी में मॉनसून के करंट में सुधार होगा। इसके बाद ही मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इस दौरान अगर बीच में किसी तरह की हलचल होती है, तो मॉनसून पहले भी आगे बढ़ सकता है।
पूर्वी भारत से ही मॉनसून बिहार (Monsoon in Bihar) में प्रवेश करता है। इसी कारण इस्लामपुर से मॉनसून के आगे बढ़ते ही बिहार में मॉनसून प्रवेश करेगा। IMD ने बिहार में मॉनसून के 13 से 15 जून के बीच प्रवेश करने की संभावना जताई है।
महाराष्ट्र में हो रही बारिश
IMD ने 9 जून के लिए महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान में इन क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश
पूर्वी राजस्थान में शनिवार को कुछ स्थानों पर गरज और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
केरल के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना
केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लगातार जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में गर्मी और उमस के बीच अगले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर तेज हवाओं और गरज चमक के बीच हल्की वर्षा के आसार हैं।