News

Monsoon Update 2024: जल्द आ रहा है मानसून! 31 मई से बारिश शुरू, जानिये देशभर में मौसम का मिजाज

×

Monsoon Update 2024: जल्द आ रहा है मानसून! 31 मई से बारिश शुरू, जानिये देशभर में मौसम का मिजाज

Share this article

Monsoon 2024, नई दिल्ली: तपिश से जूझ रहे देशवासियों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बड़ी खुशखबरी दी है। IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार सात दिन का अंतर हो सकता है।

कब आएगा मानसून 2024 – (Monsoon 2024 Kab Aayega?)

IMD ने यह भी बताया कि अंडमान सागर में मानसून 3 दिन पहले ही प्रवेश कर चुका है। यदि मानसून इसी गति से आगे बढ़ता है, तो यह 31 मई को केरल तट पर पहुंच जाएगा।

IMD ने अत्याधुनिक सांख्यिकीय मॉडल का उपयोग करते हुए यह अनुमान लगाया है। इन मॉडलों के माध्यम से उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान, दक्षिण प्रायद्वीप में मानसून से पहले की बारिश का पैटर्न और भूमध्यरेखीय दक्षिण-पूर्वी हिंद महासागर और दक्षिण-पश्चिम प्रशांत महासागर के विभिन्न वायुमंडलीय पैरामीटर का अध्ययन किया गया।

पिछले 19 वर्षों में 18 बार सफल रहा IMD

पिछले 19 वर्षों में IMD ने केरल में मानसून के प्रवेश तिथि की घोषणा करने में 18 बार सफलता हासिल की है। इस दौरान केवल 2015 में ही IMD चूक गया था।

IMD महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र का बयान

IMD महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, “मानसून आमतौर पर एक जून को दस्तक देता है और 15 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। अभी मानसून की रफ्तार सामान्य से तेज है। 19 मई को मानसून के बंगाल की खाड़ी से बढ़कर अंडमान-निकोबार पहुंचने की संभावना है, जो हर साल 22 मई को पहुंचता है। यानी तीन दिन आगे चल रहा है। इस गति से यह 31 मई को केरल तट पर पहुंच जाएगा।”

मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, देश में अल नीनो सिस्टम कमजोर हो रहा है और ला नीना सक्रिय हो रहा है, जो अच्छे मानसून के लिए अनुकूल है। पिछले माह मौसम विभाग ने जून से सितंबर तक चलने वाले मानसूनी मौसम में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया था।

फ़िलहाल दो चक्रवाती गतिविधियां एक्टिव

देश में दो चक्रवाती गतिविधियां सक्रिय हैं। एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे केरल पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती प्रसार उत्तरी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और निकटवर्ती कोमोरिन क्षेत्र के निचले स्तरों पर जारी है। इससे 16 से 17 मई के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में बिजली गिरने तथा तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश का अनुमान

IMD के अनुसार, 18 मई तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

आज से लू का प्रकोप शुरू, अगले चार दिन लू की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत में 18 मई तक भीषण गर्मी की लहर (heatwave) जारी रहने का अनुमान लगाया है। विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। वहीं, पश्चिमी और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

तापमान में वृद्धि और लू का प्रकोप

IMD के अनुसार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और अन्य राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहेगा। इन राज्यों में लू का प्रकोप भी तेज होने की आशंका है। लू पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा और बिहार में 16 से 18 मई तक, जबकि उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 17 से 18 मई के बीच चल सकती है।

अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान

IMD के अनुसार, अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। इन क्षेत्रों में लू का प्रकोप भी जारी रहने की आशंका है।

इन राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान

IMD के अनुसार, 16 से 18 मई तक अरुणाचल प्रदेश और 17 से 18 मई के बीच असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 19 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now