News

Today Weather Update: पहाड़ों पर ‘स्नोफॉल’ से मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत, जानिये दिल्ली-यूपी कब होगी बारिश?

×

Today Weather Update: पहाड़ों पर ‘स्नोफॉल’ से मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत, जानिये दिल्ली-यूपी कब होगी बारिश?

Share this article

IMD Weather, नई दिल्ली: देशभर में गर्मी का दौर अब अपने चरम पर होता दिखाई दे रहा है। लेकिन मई का महीना गर्मी से राहत के साथ शुरू हुआ है। अप्रैल माह में कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू ने सताया था लेकिन बारिश और तेज हवाओं ने काफी राहत पहुंचाई है। दिल्ली यूपी समेत अधिकतर राज्यों में मई महीने का पहला सप्ताह गर्मी की मार से राहत देने वाला है। (Today Weather Update)

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की माने तो मई के शुरूआती तीन दिनों में दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही आसमान पर काले घने बादलों का पहरा भी देखने को मिल सकता है। जिसके चलते हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। ऐसे में दिल्ली में गर्मी का सितम नहीं बढ़ेगा। मौसम अनुकूल रहने की संभावना है।

दिल्ली में कब होगी बारिश?

फिलहाल दिल्ली में गर्मी से राहत है और गर्मी से राहत बुधवार से ही शुरू है। आज भी दिल्ली में ज्यादा गर्मी नहीं होगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 4 से 7 मई तक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। जिसके कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी

पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी राज्यों, हिमाचल प्रदेश, जम्मू- कश्मीर और उत्तराखंड के अधिकतर भागों में बारिश हो रही है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी सक्रिय है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर देखने को मिल रहा है।

जिसके चलते राजधानी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में गर्मी से राहत है।बता दें कि चार मई से पहाड़ों के अन्य इलाकों में भी बारिश हो सकती है। जिसके कारण वहां पर मौसम ठंडा बना रहेगा।

पांच – सात मई को यूपी में बारिश

यूपी में फ़िलहाल गर्मी का सितम जारी है लेकिन अगले कुछ दिनों में यहां बारिश की प्रबल संभावना है। हालाँकि लखनऊ में बुधवार को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इससे पहले न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एम दानिश के मुताबिक, आज और कल दिन रात के तापमान में बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके बाद पांच से सात मई के बीच बारिश की संभावना है।

इन राज्यों में लू का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में मई के महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है और दो से चार दिन लू (Heatwave) चल सकती है।

आईएमडी प्रमुख मृत्युजंय महापात्र ने डिजिटल माध्यम से संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केवल पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर भागों और उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों तथा पूर्वोत्तर प्रायद्वीप भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

महापात्र ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ भागों, आंतरिक ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड और बिहार समेत अन्य इलाकों में लगभग दो से चार दिन लू चल सकती है जो सामान्य से अधिक है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now