News

UP Weather: यूपी में अगले दिन 4 दिन भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी

×

UP Weather: यूपी में अगले दिन 4 दिन भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी

Share this article
UP Weather: यूपी में अगले दिन 4 दिन भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी

UP Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार और बुधवार को राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि गुरुवार, 18 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में फिलहाल बाढ़ का खतरा कम हुआ है, क्योंकि उफनाई नदियों का जलस्तर घट रहा है या फिर स्थिर है। हालांकि, प्रदेश के छह जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं, जहां नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

शाहजहांपुर में कनौट, गर्रा, और रामगंगा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने की वजह से कई गांव और मुख्य मार्ग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। सीतापुर में गोमती, बलिया में सरयू, आजमगढ़ में घाघरा, हरदोई में गर्रा और मऊ में सरयू नदियां भी खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं।

राप्ती, गर्रा, और कुआनो नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राप्ती नदी का जलस्तर 23 सेंटीमीटर बढ़ा है और यह लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रविवार को यह एक मीटर 33 सेंटीमीटर खतरे के निशान के पास पहुंच गई। सरयू नदी का जलस्तर लगातार तीसरे दिन भी घटा है, जो 24 घंटे में 24 सेंटीमीटर कम हुआ है। इसी तरह, रोहिन नदी का जलस्तर रविवार को 12 सेंटीमीटर नीचे आया है।

गोरखपुर के 45 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, यमुना नदी का जलस्तर प्रयागराज के नैनी में और गोमती नदी लखनऊ में बढ़ रहा है। हालांकि, ये दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे हैं।

सिद्धार्थनगर में बाढ़ का कहर

सिद्धार्थनगर जिले में बाढ़ का कहर बढ़ता जा रहा है। जिले में बहने वाली पांच नदियां राप्ती, बूढ़ी राप्ती, घोघी, तेलार, और कूड़ा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बूढ़ी राप्ती नदी हफ्तेभर से लाल निशान पार कर तबाही मचा रही है। इस नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.56 मीटर ऊपर बह रहा है। नदियों के उफान से दो सौ से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जबकि 80 गांव डूबे हुए हैं। कई सड़कों पर बाढ़ का पानी तीन से चार फीट ऊपर बह रहा है। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का पानी घट रहा है।

बाराबंकी में घाघरा का जलस्तर फिलहाल स्थिर है। बहराइच, अयोध्या, गोरखपुर, गोंडा में भी नदियों का जलस्तर घट रहा है। बलिया में गंगा और सिद्धार्थनगर में राप्ती के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 10 दिनों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में करीब 12 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

11 लोगों को बचाने पर एक लाख का इनाम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती में 11 लोगों का रेस्क्यू करने वाले सात लोगों को प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। राहत आयुक्त जीएस नवीन ने बताया कि कुशीनगर में 76 लोगों को बचाया गया। 21,239 से अधिक मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पहुंचाया जा चुका है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 804 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं, जिसमें कुल 1,365 लोग रह रहे हैं। 1178 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जिससे लगातार निगरानी की जा रही है। इन क्षेत्रों में 914 नाव चलाई जा रही हैं।

आपदा से प्रभावित लोगों को 23,93,41 से अधिक लंच पैकेट और 7,345 से अधिक खाद्यान्न सामग्री की किट भी वितरित की गई है। राहत कार्यों के लिए 12 कंपनी एनडीआरएफ, 9 कंपनी एसडीआरएफ, 23 कंपनी पीएसी और एक कंपनी एसएसबी तैनात की गई है।

अम्बेडकरनगर में सर्वाधिक बारिश

रविवार को मानसून की लाइन बीकानेर, नरनौल, दमोली, लखनऊ, डेहरी, बालासोर, रांची होते हुए दक्षिण-पूर्व और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर चल रही थी। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 12 सेंटीमीटर बारिश अम्बेडकरनगर के जलालपुर में रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा मिर्जापुर के लालगंज, जौनपुर के केराकत, झांसी के चिल्लाघाट, हमीरपुर, कालपी, जालौन तहसील, हमीरपुर, सहजीना, बस्ती में छह-छह सेंटीमीटर, आजमगढ़ के लालगंज, वाराणसी, गोरखपुर, मुखलिसपुर, गाजीपुर, कालपी और फिरोजाबाद के टूंडला में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now