Weather Forecast 12 May 2024: भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव आ गया है। दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
दिल्ली में बारिश के आसार
देश की राजधानी दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग ने कहा है कि इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम में बदलाव रविवार से ही दिखने लगा है। रविवार को तेज हवा और बादल के कारण सूरज की तपिश से दिल्ली के लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो-तीन दिनों तक दिल्ली का मौसम कूल रहेगा। लू चलने की संभावना भी नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम कूल-कूल
हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर के कुछ इलाकों में रविवार को भारी बारिश हुई। बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि, इस मौसम में तेज बारिश और ओलावृष्टि किसानों के लिए काफी नुकसानदायक है। दरअसल, इस मौसम में सेब के फलों को भारी बारिश से नुकसान पहुंच सकता है।
#WATCH | Himachal Pradesh: Heavy rain and hailstorm occurred in parts of Hamirpur city today. pic.twitter.com/IqA4qlfZyr
— ANI (@ANI) May 12, 2024
उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि
उत्तराखंड के चमोली के कुछ हिस्सों में आज यानी रविवार को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों के लिए बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। विभाग ने आंधी-तूफान के साथ और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है।
#WATCH | Uttarakhand: Heavy rain and hailstorms lashed parts of the Chamoli district
(Visuals from Pipalkoti) pic.twitter.com/qnGfUsPm2Y
— ANI (@ANI) May 12, 2024
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पूर्वानुमान में आंधी-तूफान और खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी रखने और सुरक्षित जगहों जैसे पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।
राजस्थान के कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश
एक नए विक्षोभ के असर से राजधानी जयपुर सहित राजस्थान के अनेक इलाकों में पिछले चौबीस घंटे में बूंदाबांदी और बारिश हुई। अधिकतम तापमान में गिरावट होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। राजधानी जयपुर में शनिवार की रात धूल भरी आंधी चली।
कमोवेश रविवार को भी मौसम इसी तरह का बना रहा। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में आंधी-बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश पूर्वी राजस्थान के देवगढ़, राजसमंद में 42 मिलीमीटर हुई। मौसम बदलने से अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान घटकर 42 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
झारखंड का मौसम
झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई तक राजधानी रांची समेत खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर जिले में बारिश हो सकती है।
रविवार को रांची में मिली गर्मी से राहत
रविवार को रांची में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसपास के इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण समेत कई और इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी। सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा के अलावा वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर सहित अन्य जिलों में गर्मी के पारे में कमी आएगी।
अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण ओडिशा, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, केरल, तेलंगाना, बिहार और उत्तर प्रदेश के तलहटी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने के साथ-साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, पश्चिमी हिमालय के सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट बर्फबारी हो सकती है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में छिटपुट धूल भरी आँधी के साथ छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर जिले में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज हवाओं से बचने के लिए मजबूत घरों में रहें। बिजली गिरने से बचने के लिए बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करें।