Weather Today: नई दिल्ली: भारत में इस समय भारी गर्मी का दौर जारी है। देश के कई राज्यों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है।
लू से प्रभावित राज्य:
- पंजाब
- हरियाणा
- दिल्ली
- उत्तराखंड
- उत्तर प्रदेश
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- बिहार
- झारखंड
- ओडिशा
इन राज्यों में लू की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी।
गोवा और ओडिशा में गर्म और आर्द्र मौसम
गोवा के कुछ भागों में 2 जून को और ओडिशा में 3 और 4 जून को गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीमी
दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी, त्रिपुरा, मेघालय, असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम की ओर बढ़ गया है।
IMD के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों में 7 जून तक हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद की जा सकती है।
दिल्ली में गर्मी से थोड़ी राहत
जून की शुरुआत में ही दिल्ली एनसीआर के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। शनिवार शाम को दिल्ली और नोएडा में कई जगहों पर धूल भरी आंधी चली और फिर दिल्ली में कुछ जगहों पर बारिश भी हुई। अगले 2 दिनों तक दिल्ली में कुछ इसी तरह के मौसम बने रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में भी लू से राहत
राजस्थान में भी मौसम करवट ले रहा है। अगले कुछ घंटे के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ अचानक 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की- मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में राहत की बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बूंदाबांदी की संभावना है।
कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।
साथ ही धूल भरी हवा, बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मंगलवार तक इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना है।
बिहार में भी बारिश का अलर्ट
पटना समेत दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बिहार में मानसून को लेकर अच्छी खबर दी है और बताया है कि मानसून के बादल तय समय पर ही बिहार में प्रवेश करेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 15 जून के बीच बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है और इस बार भी सामान्य बारिश होने का अनुमान है।
देश के अन्य राज्यों का मौसम (स्काई मेट वेदर के अनुसार)
- अगले 24 घंटे के दौरान, लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर बिहार में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
- अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गरज के साथ बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है।
- विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पश्चिमी हिमालय और कोंकण और गोवा में हल्की बारिश संभव है।