News

आज का मौसम अपडेट: देशभर में झमाझम बारिश, आठ राज्यों में आज भी रेड और ऑरेंज अलर्ट

×

आज का मौसम अपडेट: देशभर में झमाझम बारिश, आठ राज्यों में आज भी रेड और ऑरेंज अलर्ट

Share this article
Aaj Ka Mausam 14 July 2024 Weather Updates North East Southern India
Aaj Ka Mausam 14 July 2024 Weather Updates North East Southern India

नई दिल्ली, 14 जुलाई 2024 दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन जलभराव के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।

उत्तर भारत में बारिश के हालात

उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, और हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी और चित्रकूट शामिल हैं।

पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों में भारी बारिश

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन अब भी 20 जिलों में 8.4 लाख लोग प्रभावित हैं। पहले 30 जिलों में 24 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में थे। राज्य में बाढ़ जनित घटनाओं में सात और लोगों की जान चली गई है। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के चलते 180 जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है, जिनमें 10 गैंडे भी शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। राज्य में 12 सड़कों को यातायात के लिए बंद करना पड़ा है। धर्मशाला, कांगड़ा, मनाली और शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। 16 और 17 जुलाई को राज्य के ज्यादातर भागों में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई में भारी बारिश का कहर

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अंधेरी पूर्व इलाके में शनिवार तड़के चाल का एक हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। आईएमडी ने पहले ही मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

आईएमडी ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गुजरात, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना जताई है।

देशभर में मानसून की गतिविधियों के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन तैयारियों में जुटा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now